पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद एक साथ आ गए हैं। इससे चुनाव से पहले सियासी गणित बदल गया है। हालांकि इस गठबंधन के ऐलान के बीच एक नाम की गैरमौजूदगी ने नई चर्चा छेड़ दी है। यह नाम है प्रदेश के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह का।
बता दें कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय से बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की पैरवी करते आए है। उन्होंने कई मौकों पर दोनों पार्टियों के गठबंधन करने की बात भी कही थी। उनका मानना था कि पंजाब में बीजेपी का जनाधार नहीं है। यदि शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन होता है तो पार्टी को फायदा होगा।
हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन के ऐलान के समय मंच पर कैप्टन अमरिंदर सिंह मौजूद नहीं थे। इसके अलावा उन्हें चुनाव समिति में भी शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर को लेकर एक बार फिर से चर्चा तेज हो गई है।







