Breaking News

कोरिया : ’झुमका डैम के किनारे ‘सुपर थर्टी’ से कलेक्टर का संवाद, 30 युवाओं ने साझा किए अपने सपने’


शहर 25 November 2026
post

कोरिया : ’झुमका डैम के किनारे ‘सुपर थर्टी’ से कलेक्टर का संवाद, 30 युवाओं ने साझा किए अपने सपने’

कोरिया 25 नवम्बर 2026

झुमका डैम के किनारे खुले आसमान के नीचे मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के 30 युवाओं से उनके सपनों, करियर और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बातचीत की।

ओपन थिएटर में आयोजित ‘कलेक्टर्स- 15’ के विशेष संस्करण ‘सुपर थर्टी’ में कलेक्टर ने युवाओं से जाना कि वे किस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, अपने जिले में क्या बदलाव देखना चाहते हैं और अवसर मिलने पर समाज की किस समस्या के समाधान के लिए काम करना चाहेंगे। युवाओं ने अपनी आकांक्षाओं के साथ जिले में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी अपने विचार रखे।

उद्योग विभाग और आकांक्षी विकासखंड बैकुंठपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), उद्यमिता और स्वरोजगार रहा। चर्चा इस बात पर केंद्रित रही कि युवा अपने कौशल और जिले में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर उद्यम कैसे शुरू कर सकते हैं और अपने साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर कैसे बना सकते हैं।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि जीवन में सफलता के कई रास्ते हैं। प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और विधि के साथ कला, संगीत, खेल, विज्ञान, व्यवसाय, पत्रकारिता, लेखन और फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के अवसर हैं। हर क्षेत्र में शिक्षा, अनुशासन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति लगन जरूरी है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, ‘उठो, दौड़ो, भागो।’ अपनी रुचि पहचानें, हुनर को तराशें और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करें।

’युवाओं की बात सुनी, सवाल पूछने के लिए किया प्रोत्साहित’
कृषि महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, शासकीय पीजी कॉलेज और आईटीआई सहित जिले के विभिन्न संस्थानों से चयनित युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शुरुआत आपसी परिचय और झिझक दूर करने वाली एक रचनात्मक गतिविधि से हुई। इसमें युवाओं ने अपनी कल्पनाशीलता का इस्तेमाल किया, एक-दूसरे के विचार सुने और मिलकर काम किया। इस गतिविधि के जरिए युवाओं ने अनुभव किया कि किसी नए विचार को आगे बढ़ाने में संवाद और आपसी समझ की क्या भूमिका होती है।

कलेक्टर ने कहा कि किसी सवाल का सटीक जवाब देने के लिए पहले सामने वाले की बात ध्यान से सुनना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी आकांक्षाओं और उलझनों पर खुलकर बात करने को कहा। करियर या स्वरोजगार की दिशा तय करते समय अपनी जिज्ञासा को महत्व दें। जिस विषय में रुचि हो, उसके बारे में सवाल पूछें और जवाब मिलने तक सीखने की कोशिश जारी रखें।

’किसान की उपज से पर्यटन तक, पांच विषयों पर युवाओं ने सुझाए समाधान’
युवाओं को जिले की जरूरतों से जुड़े पांच विषयों पर आधारित ‘मिशन कार्ड’ दिए गए। समूहों ने विचार किया कि ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जाएं, किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार कैसे मिले और किसी स्थानीय उत्पाद को ब्रांड के रूप में पहचान कैसे दिलाई जाए। 

आईटीआई विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को आय से जोड़ने और पर्यटन स्थलों के आसपास आर्थिक गतिविधियां व स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

प्रतिभागियों ने समूहवार अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान उन्होंने अपने आसपास की समस्याओं को उद्यमिता की दृष्टि से देखा। चर्चा में युवाओं ने विचार किया कि स्थानीय जरूरतों को समझकर और उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करके ऐसे काम कैसे शुरू किए जा सकते हैं, जिनसे लोगों को जरूरी सेवाएं मिलें और आय के नए अवसर भी बनें।

उद्योग स्थापना से बैंक ऋण तक की जानकारी मिली
उद्योग विभाग के अधिकारियों ने एमएसएमई, उद्योग स्थापना, स्वरोजगार और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। लीड बैंक मैनेजर ने उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को बैंक ऋण, वित्तीय सहायता और उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया। एक स्टार्टअप प्रतिनिधि ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किसी नए विचार को उद्यम का रूप देने की प्रक्रिया में किन व्यावहारिक पहलुओं पर ध्यान देना पड़ता है। सत्र में करियर के विकल्पों और स्वरोजगार की दिशा में शुरुआती तैयारी पर भी चर्चा हुई।

’मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने में करें’
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई खास हुनर होता है। युवाओं को अपनी क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए और जिस काम में रुचि हो, उसमें आगे बढ़ने के लिए समय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल, यूट्यूब और इंटरनेट पर करियर से लेकर स्टार्टअप तक सीखने की सामग्री उपलब्ध है। सोशल मीडिया और रील देखने में लगने वाले समय का कुछ हिस्सा युवा अपनी रुचि के क्षेत्र को समझने, नया कौशल सीखने और लक्ष्य की तैयारी में लगाएं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER