बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने के आसार हैं। देश में 27 और 28 नवंबर को लॉकडाउन के एलान ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। लगातार बदलते राजनीतिक घटनाक्रम, विरोध-प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ उठ रही आवाजों के बीच इस घोषणा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल के महीनों में बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद से देश में राजनीतिक दलों के बीच टकराव, प्रशासनिक चुनौतियां और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विवाद लगातार सामने आते रहे हैं। ऐसे में दो दिनों के लॉकडाउन की घोषणा से आम जनजीवन, परिवहन व्यवस्था, व्यापार और सरकारी कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस कार्यक्रम की घोषणा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से की गई है। पार्टी ने 20 से 30 नवंबर तक देशव्यापी विरोध कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की है। इसके तहत 27 और 28 नवंबर को देशभर में मशाल जुलूस निकालने का ऐलान किया गया है, जबकि 29 और 30 नवंबर को लगातार 48 घंटे का राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन रखने की घोषणा की गई है। पार्टी ने अपने आठ सूत्रीय एजेंडे को लागू करने की मांग उठाई है। इसमें अवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध हटाने, शेख हसीना के खिलाफ सुनाए गए फैसले को रद्द करने, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और देश में लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली जैसी मांगें शामिल हैं। पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है
दरअसल, बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव की एक बड़ी वजह शेख हसीना की संभावित वापसी भी है। अगस्त 2024 में बड़े पैमाने पर हुए छात्र आंदोलन के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। हाल ही में शेख हसीना की ओर से 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताए जाने के बाद राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनकी वापसी सामान्य यात्रा के जरिए नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी। सरकार ने यह भी कहा है कि देश लौटने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा







