अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारत समेत कई देशों पर फिर से टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका उन देशों के आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है, जिन पर अपने घरेलू उद्योगों को सब्सिडी और सरकारी सहायता देकर अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है. इस प्रस्ताव के दायरे में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ समेत कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं आ सकती हैं.
अमेरिका ने औद्योगिक सब्सिडी को लेकर कई महीनों तक जांच की है. वाशिंगटन का आरोप है कि कुछ देश सरकारी मदद के जरिए अपने उद्योगों को कम कीमत पर सामान बनाने में सक्षम बनाते हैं. इससे उनके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ते बिकते हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल हो जाती है.
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर इस जांच के निष्कर्षों की घोषणा इसी सप्ताह कर सकते हैं. हालांकि, इस समयसीमा में बदलाव भी संभव है. जांच में चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों को शामिल किया गया है.
ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि कुछ देश अपनी घरेलू जरूरत से अधिक औद्योगिक उत्पाद बना रहे हैं. सरकार की सब्सिडी, वित्तीय सहायता और दूसरी नीतिगत मदद से वहां की कंपनियां कम लागत पर सामान तैयार करती हैं. इसके बाद वे इन उत्पादों को वैश्विक बाजार में कम कीमत पर बेचती हैं
अमेरिका का मानना है कि इससे उसके घरेलू उद्योगों को नुकसान पहुंचता है और अमेरिकी कंपनियों को बराबरी का मुकाबला नहीं मिल पाता. प्रस्तावित टैरिफ के तहत इन देशों से आने वाले ज्यादातर उत्पादों पर शुल्क लगाया जा सकता है. हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि इन पर पहले से राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर अलग टैरिफ लागू हैं







