पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को पार्टी ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों कर रहे हैं और इसमें कुल 19 सदस्य हैं। वहीं इसमें कांग्रेस से आए नेताओं को भी शामिल किया गया है, हालांकि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को समिति में जगह नहीं दी गई है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर की पत्नी परनीत कौर को समिति में शामिल किया है, लेकिन खुद कैप्टन सिंह को जगह नहीं दी गई है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी ने पंजाब की राजनीति में कैप्टन को किनारे करना शुरू कर दिया है? क्या बीजेपी कैप्टन के कांग्रेस मोह से नाराज है? आइए जानतें हैं इस पूरे घटनाक्रम के राजनीतिक मायने…
पंजाब में बीजेपी की चुनाव समिति में 16 मुख्य सदस्य और तीन विशेष आमंत्रित सदस्य है। इसकी अगुवाई केवल सिंह ढिल्लों कर रहे हैं। चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अलावा उपाध्यक्ष सरदार मनप्रीत बादल, तरुण चुघ, अश्विनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, प्रणीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, मनजीत सिंह मन्ना, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन को जगह मिली है।
बता दें कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं। वे दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। दरअसल, पिछले कुछ समय से कैप्टन अमरिंदर सिंह का कांग्रेस की ओर झुकाव हो रहा है। पिछले दिनों कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहुंचे थे। वहीं कई बार उन्होंने बीजेपी को लेकर भी बयान दिया था। इसके अलावा राहुल गांधी ने भी कैप्टन सिंह की तारीफ की थी और अपना पसंदीदा नेता बताया था







