अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े मामले में अमेरिकी सेना के सक्रिय सार्जेंट जियान झाओ ने चीन से जुड़े लोगों को रक्षा संबंधी संवेदनशील जानकारी देने की साजिश में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। 37 वर्षीय झाओ अमेरिकी सेना में तैनात थे और उन्हें सेना के कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों तथा सैन्य उपकरणों तक पहुंच हासिल थी। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, झाओ ने चीन से जुड़े खरीदारों को अमेरिकी सैन्य जानकारी और उपकरण उपलब्ध कराने के लिए एक पूर्व अमेरिकी सैनिक और अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची थी। इस मामले में 23 नवंबर 2026 को ओरेगन के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने जानकारी सार्वजनिक की। झाओ की गिरफ्तारी मार्च 2025 में हुई थी और अब उन्होंने अदालत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस घटनाक्रम को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य गोपनीयता से जुड़ा गंभीर मामला माना जा रहा है
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, जियान झाओ नवंबर 2021 से मार्च 2025 के बीच इस साजिश में शामिल रहे। वह वाशिंगटन स्थित ज्वाइंट बेस लुईस-मैककॉर्ड में तैनात थे और बैटरी सप्लाई सार्जेंट के रूप में काम करते थे। उनकी जिम्मेदारियों में सैन्य उपकरणों और रिकॉर्ड का प्रबंधन शामिल था। इस पद के कारण उनके पास सुरक्षा मंजूरी थी और वह कई संवेदनशील सैन्य जानकारियों तक अधिकृत पहुंच रखते थे। जांच एजेंसियों का आरोप है कि झाओ ने हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (HIMARS) से संबंधित तकनीकी मैनुअल के कुछ हिस्से साझा किए। इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी सेना के कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की पेशकश भी की थी। उन्होंने सैन्य अभियानों, संचार नेटवर्क, रॉकेट और मिसाइल प्रणालियों तथा सैन्य अभ्यासों से संबंधित प्रतिबंधित दस्तावेजों की तस्वीरें भी अपने निजी मोबाइल फोन से खींची थीं
इस पूरे मामले में झाओ अकेले शामिल नहीं थे। अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, रूओयू डुआन नामक पूर्व अमेरिकी सैनिक ने उन्हें इस गतिविधि में शामिल किया था। डुआन ओरेगन के हिल्सबोरो में रहता था और चीन में मौजूद खरीदारों के साथ संपर्क तथा आर्थिक लेन-देन की व्यवस्था करने में मदद करता था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, डुआन ने सक्रिय अमेरिकी सैन्य कर्मियों को रक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया था। झाओ ने भी इसी नेटवर्क के जरिए संवेदनशील सैन्य सामग्री और सरकारी उपकरणों को बेचने की कोशिश की। डुआन इससे पहले भी राष्ट्रीय रक्षा संबंधी जानकारी भेजने की साजिश के मामले में अपना अपराध स्वीकार कर चुका है। जांचकर्ताओं का कहना है कि इस नेटवर्क के जरिए चीन से जुड़े लोगों तक अमेरिकी सैन्य जानकारी पहुंचाई जा रही थी







