Breaking News

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए खरीदे गोल्डन पास और फिर चुराए लाखों के स्मार्टफोन्स, अहमदाबाद पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार


देश 24 November 2026
post

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए खरीदे गोल्डन पास और फिर चुराए लाखों के स्मार्टफोन्स, अहमदाबाद पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार

अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में 21 नवंबर को दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के ऑरा इंडिया टूर (Aura India Tour) कॉन्सर्ट के दौरान स्मार्टफोन्स की चोरी का मामला सामने आया। कॉन्सर्ट के दौरान इस तरह की करीब 70 शिकायतें आईं। अब इस मामले में अहमदाबाद पुलिस को कामयाबी मिली है।

दिलजीत के कॉन्सर्ट से 11 स्मार्टफोन्स चोरी किए गए थे। इस मामले में अहमदाबाद के मोटेरा पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर आर.वी. विच्छी ने बताया, "दो दिन पहले 21 नवंबर को यहाँ दिलजीत दोसांझ का एक लाइव कॉन्सर्ट हुआ था। इस दौरान स्मार्टफोन चुराने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने अपने एक तीसरे साथी के साथ मिलकर भीड़ को निशाना बनाया और लोगों की जेब से उनके मोबाइल फोन चुरा लिए। ये संदिग्ध दिल्ली से ओला कैब के ज़रिए यहाँ आए थे और शहर में ही रुके हुए थे। पकड़े गए दोनों लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। दोनों खास तौर पर चोरी करने के लिए ही यहाँ आए थे। इस साजिश में कुल चार लोग थे। उनका प्लान था कि यहाँ से जाने से पहले पूरी रात में ज़्यादा से ज़्यादा फोन चुरा लिए जाएं। हालांकि हमारी टीम को उनकी हरकतों का बीच में ही पता चल गया और हमने उनमें से दो को पकड़ लिया। जब इन दोनों को पकड़ा जा रहा था, तब उनके बाकी दो साथी भागने में कामयाब रहे। अब तक मोबाइल फोन चोरी होने को लेकर पुलिस के पास करीब 70 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।"

आरोपियों ने कॉन्सर्ट के लिए गोल्डन पास खरीदे थे। एक गोल्डन पास की कीमत 6,000 रूपए थी। आरोपियों ने गोल्डन पास इसलिए खरीदे थे जिससे वो प्रीमियम सेक्शन में पहुंच सकें, जहाँ दर्शकों के पास महंगे स्मार्टफोन थे। भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों के पास से 11 स्मार्टफोन्स बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.30 लाख रूपए बताई जा रही है। एक आरोपी का नाम मोहम्मद असद मोहम्मद गुलज़ार बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 36 वर्ष है और दूसरे का नाम अशरफ हुसैन नूर हुसैन इदरीसी बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 24 वर्ष है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER