उत्तर प्रदेश में 'जय श्रीराम' और 'राधे-राधे' के नारों को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. कांग्रेस नेता अजय राय ने रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए उनके बयान को विकृत मानसिकता का परिचायक बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं ने पारंपरिक अभिवादन 'जय सिया राम' से माता सीता का नाम हटा दिया है.
कांग्रेस नेता अजय राय ने जय श्री राम और राधे-राधे नारों को लेकर बीजेपी पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि पहले लोग 'जय सिया राम' कहा करते थे. बीजेपी ने इसमें से सिता जी का नाम हटाकर जय श्रीराम कर दिया. अजय राय ने बीजेपी की मानसिकता पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि ये विकृत मानसिकता के लोग हैं.
दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव और सपा नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले सपा नेताओं को 'जय श्रीराम' सुनकर परेशानी होती थी और अब उन्हें 'राधे-राधे' से भी दिक्कत होने लगी है. मौर्य ने कहा कि अयोध्या में 'जय श्रीराम' और ब्रज क्षेत्र में 'राधे-राधे' का अभिवादन किया जाता है.
इससे पहले शनिवार को अखिलेश यादव ने बीजेपी के 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे पर तंज कसा था. उन्होंने कहा था कि परंपरा में विदाई के समय 'राधे-राधे' कहा जाता है और इसका मतलब है कि बीजेपी की विदाई होने वाली है. अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में बीजेपी को शानदार विदाई देगी.








