Breaking News

धर्मा प्रोडक्शन्स पहुंचे प्रिंस विलियम, करीना-सैफ ने किया स्वागत


मनोरंजन 19 November 2026
post

धर्मा प्रोडक्शन्स पहुंचे प्रिंस विलियम, करीना-सैफ ने किया स्वागत

बॉलीवुड और ब्रिटिश शाही परिवार का अनोखा मिलन उस वक्त देखने को मिला, जब ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने मुंबई में मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शन्स का दौरा किया। इस खास मुलाकात ने बॉलीवुड गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरीं। प्रिंस विलियम का स्वागत करने के लिए खुद करण जौहर के साथ बॉलीवुड के चर्चित सितारे करीना कपूर खान और सैफ अली खान मौजूद रहे। इस दौरान धर्मा प्रोडक्शन्स के सीईओ अपूर्व मेहता भी शामिल हुए। खास बात यह रही कि प्रिंस विलियम के स्वागत के लिए बॉलीवुड के अंदाज में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने करण जौहर की सुपरहिट फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के लोकप्रिय गानों पर शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान 'बोले चूड़ियां' और 'सय शावा शावा' जैसे गानों की धुन पर माहौल पूरी तरह फिल्मी हो गया। फिल्म का टाइटल ट्रैक भी बजाया गया। इस खास स्वागत समारोह में प्रिंस विलियम ने भारतीय सिनेमा के रंग, संगीत और मेहमाननवाजी का आनंद लिया। बताया गया कि प्रिंस विलियम ने धर्मा प्रोडक्शन्स के कार्यालय में करीब 45 मिनट बिताए।

इस मुलाकात के दौरान करण जौहर ने प्रिंस विलियम को भारतीय सिनेमा की बढ़ती लोकप्रियता और दुनियाभर में उसके बढ़ते प्रभाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि तेलुगु, तमिल, मलयालम, मराठी और गुजराती जैसी कई भाषाओं में शानदार फिल्में बन रही हैं। करण ने खास तौर पर एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' और 'बाहुबली' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इन फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा की पहचान को मजबूत किया है। करण जौहर ने कहा कि भारतीय सिनेमा को केवल बॉलीवुड तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि देश में अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों में बनने वाली फिल्मों की अपनी मजबूत पहचान है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय फिल्मों की विदेशों में लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और खासकर मिडिल ईस्ट के बाजार में हिंदी फिल्मों को अच्छा कारोबार मिलता है। करण के मुताबिक, भारतीय कहानियों को अब दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पसंद किया जा रहा है। सिनेमा की बदलती शैली पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज फिल्मों में केवल गानों और पारंपरिक मनोरंजन पर निर्भर रहने के बजाय वास्तविक जीवन और भारतीय समाज से जुड़ी कहानियों को भी प्रमुखता दी जा रही है

इस मुलाकात का एक भावुक पहलू भी रहा। करण जौहर ने प्रिंस विलियम को अपनी चर्चित फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' देखने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा ब्रिटेन में हुआ था और अगले महीने फिल्म को रिलीज हुए 25 साल पूरे होने वाले हैं। इस मौके पर फिल्म से जुड़े कुछ खास दृश्य भी प्रिंस विलियम को दिखाए गए। करण ने बताया कि फिल्म की क्लिपिंग देखते हुए वह खुद भी भावुक हो गए थे, क्योंकि यह उनके करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। उन्होंने प्रिंस विलियम को फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया, जिस पर प्रिंस ने इसे देखने का वादा किया। बातचीत के दौरान क्रिकेट का मुद्दा भी उठा, क्योंकि भारत और ब्रिटेन दोनों देशों में क्रिकेट काफी लोकप्रिय खेल है। वहीं सैफ अली खान और करीना कपूर खान ने भी प्रिंस विलियम से बातचीत की और लंदन के प्रति अपने लगाव के बारे में बताया। दोनों कलाकार अक्सर छुट्टियां बिताने के लिए लंदन जाते रहते हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER