बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है. तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर एहतियाती कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मुताबिक, अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. वहीं, राज्य के आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन को अगले दो दिनों में बेहद भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में चक्रवात से निपटने की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने बताया कि संभावित खतरे को देखते हुए करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सबसे ज्यादा लोगों को गंजाम जिले से निकाला जाएगा. यहां राहत और बचाव अभियान जारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य चक्रवात के दौरान जान-माल का नुकसान शून्य रखना है. इसके लिए मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
ओडिशा सरकार ने बुधवार को राज्य के आठ जिलों को हाई अलर्ट पर रखा. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे मध्य हिस्सों में बना गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अगले दो दिनों में राज्य के कई इलाकों में बेहद भारी बारिश करा सकता है. तूफान के आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है. इसके संभावित रास्ते में बदलाव के कारण ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.








