Breaking News

जयशंकर ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री किशिदा से की मुलाकात


देश 18 November 2026
post

जयशंकर ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री किशिदा से की मुलाकात

नई दिल्ली, 18 नवंबर   विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुधवार को टोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइजुमी के साथ योकोसुका स्थित जापान के समुद्री आत्मरक्षा बल के नौसैनिक अड्डे के लिए रवाना हुए। दोनों मंत्री जापान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं, जहां वे चौथे भारत-जापान 'टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय संवाद में हिस्सा लेंगे।

जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर किशिदा के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उनके साथ रणनीतिक समानता और आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर चर्चा हुई। उन्होंने भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने में किशिदा के निरंतर समर्थन की सराहना की।

किशिदा जापान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उनकी यह भूमिका दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।

इस बीच, राजनाथ सिंह ने जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ विमान में बैठे हुए अपनी तस्वीर एक्स पर साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों योकोसुका स्थित जापान के समुद्री आत्मरक्षा बल (जेएमएसडीएफ) के नौसैनिक अड्डे की ओर जा रहे हैं। उन्होंने अपने जापानी समकक्ष को बेहतरीन मेजबान बताया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राजनाथ सिंह और जयशंकर 18-19 नवंबर को जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों देश चौथे भारत-जापान 'टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय संवाद आयोजित करेंगे। इसमें भारत और जापान के रक्षा एवं विदेश मंत्री हिस्सा लेंगे।

यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक करेंगे। वहीं, जयशंकर जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता करेंगे। जयशंकर तीसरे रायसीना टोक्यो संवाद में भी भाग लेंगे।

दोनों पक्ष इस यात्रा के दौरान अगस्त 2025 में आयोजित 15वें और जुलाई 2026 में आयोजित 16वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में बनी सहमतियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही आपसी हित के क्षेत्रों में विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER