गुवाहाटी, 18 नवंबर । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने बुधवार को कहा कि आने वाले दिनों में असम हिंदुत्व का मजबूत किला बनेगा, ऐसा उनका विश्वास है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर असम सरकार के कदम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में अच्छा काम कर रही है।
आलोक कुमार गुवाहाटी स्थित विहिप मुख्यालय पांचजन्य भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह एक सप्ताह पहले असम आए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने महापुरुष शंकरदेव, माधवदेव और नारायणदेव के जन्मस्थानों से जुड़े सत्रों (मठों) का भी दौरा किया। आठ-दस सत्रों में जाने के बाद उन्हें विश्वास हुआ कि ये संस्थान हिंदू जागरण, भगवत भक्ति, भगवान कृष्ण के प्रति प्रेम और श्रीमद्भागवत के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विहिप अध्यक्ष ने कहा कि वह बोडो समाज के ब्रह्मधर्म के यज्ञ में भी शामिल हुए और कार्बी समाज के लखोमन धर्मस्थल पर गुरु के दर्शन किए। सभी हिंदू अपने-अपने पंथों के माध्यम से समाज को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे सार्थक पहल बताया।
विहिप अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने सरकार से अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने की अपेक्षा की है। उनके अनुसार, लालच, प्रलोभन या भय दिखाकर कराया जाने वाला धर्मांतरण अवैध है और इसे बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने चंगाई सभाओं पर रोक लगाकर अच्छा कदम उठाया है। उनके मुताबिक, ऐसी सभाएं 1954 के मैजिकल रेमेडीज एक्ट के भी खिलाफ हैं।
आलोक कुमार ने कहा कि सरकार ने पर्यटक वीजा पर आने वाले लोगों के गांवों में जाकर धर्म प्रचार करने पर रोक लगाई है, क्योंकि यह वीजा की शर्तों का उल्लंघन है। हालांकि, इस संबंध में अलग से कानून भी जल्द बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विहिप ने अन्य हिंदू संगठनों और संतों के साथ मिलकर धर्मांतरण रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किए हैं। साथ ही, उन्होंने उन लोगों से अपने मूल धर्म और परंपराओं में लौटने का आह्वान किया, जो वर्तमान या पिछली पीढ़ियों में किसी कारण से हिंदू अथवा स्थानीय परंपराओं से दूर हो गए हैं।
आलोक कुमार ने गौरक्षा के लिए असम में बने कानून की सराहना करते हुए कहा कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समाज और संतों को भी सहयोग करना होगा। उन्होंने गाय के गोबर और गोमूत्र के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे दूध देना बंद करने के बाद भी गाय उपयोगी बनी रह सकती है। विहिप भी इस दिशा में प्रयास करेगी।
विहिप अध्यक्ष ने कहा कि धर्मांतरण की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन धर्म के पालन के प्रति आग्रह भी बढ़ रहा है। ईसाइयों के आगमन से पहले यहां की स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को याद रखना तथा उन्हें मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार के कानूनों की प्रतीक्षा किए बिना भी समाज इस दिशा में प्रयास कर रहा है। कई स्थानों पर सामाजिक शक्ति के माध्यम से धर्मांतरण रोकने में सफलता मिली है।
यूसीसी पर अपनी बात रखते हुए आलोक कुमार ने कहा कि महिला और पुरुष के बीच समानता संविधान की मूल भावना है। संविधान का अनुच्छेद 14 सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है। उन्होंने विभिन्न व्यक्तिगत कानूनों में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि विवाह, तलाक और संपत्ति में अधिकार के मामलों में समानता सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने यूसीसी का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं के साथ न्याय की दिशा में जरूरी कदम बताया।
संवाददाता सम्मेलन में असम प्रदेश विहिप के अध्यक्ष सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।--
Breaking News
- जयशंकर ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री किशिदा से की मुलाकात
- आने वाले दिनों में असम हिंदुत्व का मजबूत किला बनेगा : आलोक कुमार
- कोलंबिया यूनिवर्सिटी में की गई राहुल गांधी की टिप्पणियों को भाजपा ने अनर्गल बताया
- नई दिल्ली से छपरा के लिए आज चलेगी वन-वे फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
- रायपुर : दिवंगत आरक्षक के परिवार को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सौंपा 1 करोड़ 8 लाख रुपए के बीमा राशि का चेक
- मुख्यमंत्री साय की किसान हितैषी पहल से गांव-गांव तक पहुंच रही धान खरीदी की सुविधा
- रायपुर : दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय से मिले पद्मश्री पंडीराम मंडावी
- कैबिनेट का निर्णय : जल जीवन मिशन के नए नियम होंगे लागू, अबूझमाड़ में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को अनुदान का निर्णय
- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का 11 दिसंबर तक मिलेगा मौका
- बांग्लादेश में शेख हसीना के गृह जिला गोपालगंज में तनाव
आने वाले दिनों में असम हिंदुत्व का मजबूत किला बनेगा : आलोक कुमार







