रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कृषि व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को उनकी उपज का विक्रय करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में धान खरीदी केंद्रों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शासन की इसी किसान हितैषी पहल का सकारात्मक परिणाम गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्रामीण अंचलों में दिखाई देने लगा है। गौरेला विकासखंड की ग्राम पंचायत कोरजा में इस वर्ष नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, बल्कि वे अपने ही गांव में सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज का विक्रय कर रहे हैं।
आठ किलोमीटर की दूरी और लंबी कतारों से मिली मुक्ति’
ग्राम पंचायत कोरजा के किसान श्री जीवन लाल राठौर ने बताया कि पहले उन्हें अपना धान बेचने के लिए गांव से लगभग 8 किलोमीटर दूर धनौली धान खरीदी केंद्र जाना पड़ता था। दूरी अधिक होने के कारण धान के परिवहन में समय और श्रम लगता था। इसके अलावा खरीदी केंद्र में किसानों की अधिक संख्या होने से उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था। कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष गांव में ही नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से उनकी यह समस्या दूर हो गई है। अब उन्हें धान बेचने के लिए दूसरे गांव जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अपने ही गांव में खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से समय, श्रम और परिवहन की परेशानी कम हुई है। इससे कोरजा सहित आसपास के किसानों में भी खुशी का माहौल है।
किसान जीवन लाल राठौर ने बताया कि नवीन धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गांव में ही खरीदी केंद्र और घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा से किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है।
किसानों की सुविधा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में सार्थक पहल’







