रायपुर बस्तर अंचल में शिक्षा की नई संभावनाओं को साकार करने और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने 16 नवंबर को नारायणपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, भविष्य के सपनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और जीवन में सफलता की मजबूत आधारशिला है।
मंत्री राम वर्मा ने कुम्हारपारा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की। विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। आवश्यकता उन्हें सही दिशा, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि बस्तर के जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और अनुकूल अवसर मिलने पर ये बच्चे भी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों के जीवन में नई उम्मीदें जगाती है और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करती है।







