रायुपर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विविधता के कारण आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कोसा सिल्क साड़ियां, हाथ से बुने वस्त्र, बेलमेटल की कलाकृतियां, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। पवेलियन में पहुंच रहे आगंतुक इन उत्पादों को उत्सुकता से देख रहे हैं और खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी कला को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। चांपा और रायगढ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियां, आकर्षक डिजाइन वाले हथकरघा वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान आगंतुकों को पसंद आ रहे हैं। बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति सहित विभिन्न स्टॉलों पर प्रदेश के कुशल बुनकरों की कारीगरी देखने को मिल रही है। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन का सुंदर मेल इन वस्त्रों को खास पहचान दे रहा है
पवेलियन में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेलमेटल शिल्पकला भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। धातु से निर्मित हिरण, हाथी, पक्षियों और अन्य पशु-पक्षियों की आकृतियां, पारंपरिक सजावटी वस्तुएं तथा जनजातीय आभूषण प्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा को दर्शा रहे हैं। इन कलाकृतियों की बारीक कारीगरी और विशिष्ट डिजाइन आगंतुकों को प्रभावित कर रहे हैं।







