मशहूर कमेंटेटर और भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) की रिटेंशन और रिलीज आने से पहले कई टीमों में बड़े बदलावों की बात कही है। इसी बीच रिटेंशन रिलीज डेडलाइन से ठीक पहले उन्होंने एक और बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास आगामी आईपीएल सीजन के लिए अपनी टीम में बड़े बदलाव करने की कोई खास वजह नहीं है। उन्होंने कहा कि डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी को लगातार अपने तीसरे खिताब की तलाश होगी। ऐसे में दो बार चैंपियन टीम में कोई बदलाव नहीं करना चाहेगी।
रिटेंशन का गणित आरसीबी के लिए काफी सरल
चोपड़ा ने कहा कि आरसीबी ने पिछले दो सीजन में खिताब जीतते हुए बेहद मजबूत टीम के तौर पर खुद को स्थापित किया है। अन्य फ्रैंचाइजी जहां किसको रखें और किसको बाहर करें, इस उधेड़बुन में लगी हुई हैं। वहीं, आईपीएल रिटेंशन का गणित आरसीबी के लिए काफी सरल है। इस टीम को बस कुछ खिलाड़ियों के नामों पर ही सोचने की आवश्यकता है या फिर वह भी नहीं है।
उन्होंने जियोस्टार पर कहा कि आरसीबी के लिए विदेशी स्लॉट सबसे कमजोर कड़ी था, लेकिन फिर भी वे चैंपियन बने। मेरा मानना है कि रोमारियो हमेशा हिट या फिर मिस रहेंगे, क्योंकि जब वह हिट करते हैं, तो सुपर हिट खिलाड़ी लगते हैं। ऐसे में 1.5 करोड़ी यह खिलाड़ी आरसीबी के पर्स को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा रहा है। अगर उन्हें 15 करोड़ रुपये में खरीदा होता, तो उन्हें 100 प्रतिशत रिलीज करना जरूरी होता। अब मैं उन्हें आईपीएल 2027 के लिए रिटेन करने की सलाह दूंगा।
आरसीबी को चोपड़ा ने यह भी सलाह दी कि उसे अपने ज्यादातर चैंपियनशिप जीतने वाले प्लेयर्स पर बेवजह सोचने की ज्यादा आवश्यकता नहीं है। मौजूदा तय कॉम्बिनेशन से वह अपना दबदबा बनाए रख सकती है। इसलिए उसे बस आईपीएल के मिनी ऑक्शन में सिर्फ दर्शक की भूमिका निभानी चाहिए। अगर आप मेगा ऑक्शन के बाद चैंपियन बने हैं, तो फिर आपके पास उस प्रदर्शन को दोहराने का अच्छा मौका होता है और उसने वह करके दिखाया भी है। अब उनके पास खिताबी हैट्रिक लगाने का अच्छा मौका है।







