चेन्नई, 13 नवंबर तमिलनाडु सरकार ने बाल दिवस के अवसर पर राज्य के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले 61.84 लाख विद्यार्थियों को केक और शुभकामना कार्ड वितरित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सरकार ने 9.27 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। 14 नवंबर को शनिवार होने के कारण स्कूलों में अवकाश रहेगा। ऐसे में बाल दिवस समारोह शुक्रवार यानी आज ही आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय भी विद्यार्थियों को केक और शुभकामना कार्ड वितरित कर बाल दिवस की बधाई देंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्राथमिक, मध्य, हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों के कुल 61,84,566 विद्यार्थियों को केक वितरित करने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केक का वजन 45 ग्राम निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाओं वाले कार्ड भी दिए जाएंगे।
केक की खरीद और आपूर्ति के लिए तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। इस प्रक्रिया में चार कंपनियों को केक की आपूर्ति का जिम्मा सौंपा गया है। खरीदे गए केक खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने बताया कि केक के नमूनों की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों से जांच कराई गई है। गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद इन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से संरक्षित कर स्कूलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
केक के सुरक्षित भंडारण और वितरण को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों और स्कूल परिसरों में चूहों, कीड़ों तथा अन्य संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने संबंधित गोदामों एवं स्कूलों का निरीक्षण किया है। इसके अलावा जिला कलेक्टर, जिला निगरानी अधिकारी और विशेष निगरानी दल भी स्कूलों में केक के उचित एवं सुरक्षित वितरण की निगरानी करेंगे।
विभाग ने बताया कि बाल दिवस को विशेष बनाने के लिए सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच केक और शुभकामना कार्ड वितरित किए जाएंगे।-
Breaking News
- बेंगलुरु मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार, पिंक लाइन के विस्तारित खंड का प्रधानमंत्री ने किया उद्घाट
- केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर प्रतिबंध पांच साल बढ़ाया
- यंग और हेनरी ने भारत को चौथे ODI में 244 रन से हराया
- नेपाल के नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला ने दो मंत्रियों से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा
- चीन दौरे पर जाएंगे नेपाल के 20 सांसद, 15 नवंबर से शुरू होगी 11 दिवसीय यात्रा
- एमसीबी : स्वास्थ्य सेवाओं में एमसीबी जिले की बड़ी उपलब्धि, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को मिला राष्ट्रीय NQAS प्रमाणन
- अम्बिकापुर : घर की चारदीवारी में हुनर को मिला रोजगार, बिहान से लखपति दीदी बनीं शनिचरी
- अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने 3,050 करोड़ रुपये में इंटेलीस्मार्ट का किया अधिग्रहण
- माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दूसरे दिन भी बाधित, कंपनी को साजिश की आशंका नहीं
- सर्दियों में मिलने वाला अमरूद विटामिन C और फाइबर का अच्छा स्रोत है
तमिलनाडु में 61.84 लाख स्कूली विद्यार्थियों को बाल दिवस पर मिलेगा केक







