Breaking News

कांग्रेस की रैली रद्द करने की मांग पर बुवानीवाला ने ट्रेड एसोसिएशन पर लगाया राजनीति करने का आरोप


देश 27 October 2026
post

कांग्रेस की रैली रद्द करने की मांग पर बुवानीवाला ने ट्रेड एसोसिएशन पर लगाया राजनीति करने का आरोप

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर । राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली रद्द करने की मांग को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेड एसोसिएशन को व्यापारियों की समस्याएं दिखाई नहीं देतीं। जब चुनाव बेमानी हो गए हों और फैसले व्यापारियों तथा कुटीर उद्योगों के पक्ष में नहीं हो रहे हों तो ऐसे संगठनों का व्यापारियों की चिंता करना महज दिखावा है।

बुवानीवाला ने कहा कि सरकार के मंत्री भी त्योहारों के मौसम में देश के बड़े शहरों में रोड शो करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे छोटे बाजारों में जाम लगने, दुकानें बंद होने और ग्राहकों को परेशानी होने की आशंका है। उन्होंने सवाल किया कि व्यापारियों की चिंता करने वाला संगठन इन रोड शो को लेकर चुप क्यों है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार की नीतियों ने छोटे व्यापारियों, खुदरा कारोबारियों और कुटीर उद्योगों को नुकसान पहुंचाया है। नोटबंदी, जीएसटी की जटिल प्रक्रिया और ऑनलाइन कंपनियों को खुली छूट ने छोटे एवं मझौले कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के व्यापारी कर्ज, महंगे लाइसेंस और इंस्पेक्टर राज से परेशान हैं।

बुवानीवाला ने कहा कि दिल्ली के व्यापारी भारी-भरकम चालान, जीएसटी के नोटिस और बढ़े हुए बिजली बिलों से जूझ रहे हैं। इन मुद्दों पर ठोस बात करने के बजाय ट्रेड एसोसिएशन कांग्रेस की रैली रद्द कराने की मांग कर रही है। व्यापारियों को समझना होगा कि कौन उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है और कौन उनके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। लघु एवं कुटीर उद्योगों के लिए बेहतर नीतियां बनाने और जीएसटी को सरल करने के लिए विपक्षी दलों का मजबूत होना जरूरी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER