Breaking News

शरद पूर्णिमा पर राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में हुआ दिव्य शृंगार


देश 26 October 2026
post

शरद पूर्णिमा पर राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में हुआ दिव्य शृंगार

उज्जैन, 26 अक्टूबर  मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को अश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि (शरद पूर्णिमा) पर भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर राजा स्वरूप में शृंगार किया गया। इस दिव्य स्वरूप का सैकड़ों भक्तों ने दर्शन लाभ लिया।

मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि अश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर सोमवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए पट खोले गए। इसके बाद पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया और भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर पंचामृत पूजन किया। दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक के बाद भगवान का चंदन, वैष्णव तिलक और आभूषणों से राजा स्वरूप में शृंगार किया गया।

प्रथम घंटाल बजने के बाद मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान कर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड लगाया गया। शृंगार पूरा होने पर ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म रमाई गई।

इसके बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला अर्पित की गई। मोगरे और गुलाब के सुगंधित पुष्पों से भगवान का शृंगार किया गया। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER