Breaking News

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के तीनों आरोपित मुंबई पहुंचे, की जा रही पूछताछ


देश 21 October 2026
post

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के तीनों आरोपित मुंबई पहुंचे, की जा रही पूछताछ

मुंबई, 21 अक्टूबर। टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले के मामले में राजस्थान में गिरफ्तार तीनों आरोपितों को लेकर मुंबई पुलिस बुधवार तड़के करीब चार बजे मुंबई पहुंचीं। पुलिस ने इन तीनों का तत्काल जीटी अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया। इसके बाद तीनों से पूछताछ शुरू की। इन तीनों को आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इन आरोपितों के वकील अजिंक्य मिरगल ने बताया कि अभी तक पुलिस ने उन्हें इन तीनों के वकालतनामा पर हस्ताक्षर करने के लिए मिलने नहीं दिया है। पुलिस ने बताया कि कोटा से करीब 17 घंटे के सफर के बाद मुंबई पहुंचने पर तीनों को जीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल चेकअप किया गया। तीनों को मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल में रखा गया है।

आरोपितों की पहचान ऋतिक कुमार, फूल सिंह और रेहान अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपितों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।

अब तक की छानबीन में पता चला है कि तीनों आरोपितों में से रेहान ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित के संपर्क में था। टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर उसकी अनिल पंडित से बातचीत होने की बात सामने आई है।

यहां ऐसी चर्चा है कि इस मामले में मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने अन्य चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस इन चारों को भी मुंबई लाने वाली है। मगर अधिकारी इस पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं।

रविवार शाम को जुहू के पुष्पा पार्क इलाके में तीन हमलावरों ने फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ पर फायरिंग की थी। हमले में टाइगर श्राफ तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER