Breaking News

शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और वीडियो वायरल करने का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन गिरफ्तार


छत्तीसगढ़ 15 October 2026
post

शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और वीडियो वायरल करने का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन गिरफ्तार

बलरामपुर, 15 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीनों ने 14 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आज गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमन बारीक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर प्रसारित कर बदनाम करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी देने का भी आरोप है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, दीपक यादव ने अन्य आरोपितों के सहयोग से वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा और विद्यालय की छवि प्रभावित हुई। मामले में पस्ता थाना में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर उच्च न्यायालय में आवेदन किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया था।

पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर को दीपक यादव, श्रवण यादव और सूर्या यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति लेकर तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में दीपक यादव (23वर्ष ), निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर; श्रवण यादव (34वर्ष ), निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता और सूर्या यादव (20वर्ष ), निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4, बलरामपुर शामिल हैं।

बलरामपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करने की अपील की है। पुलिस ने धमकी या अवैध रूप से रुपये मांगे जाने पर नजदीकी थाने में सूचना देने की भी अपील की है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER