कोरिया 08 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके पात्र आश्रितों के लिए मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तीकरण योजना के तहत रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत सीआईपीईटी, रायपुर के माध्यम से प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग ट्रेड में 480 घंटे यानी 80 दिवस का आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान चयनित प्रशिक्षणार्थियों को सीआईपीईटी रायपुर में छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण में प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण एवं प्रसंस्करण से संबंधित व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए आवेदक की आयु प्रशिक्षण प्रारंभ होने की तिथि को 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक अथवा पात्र आश्रित होना चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तहत 10वीं उत्तीर्ण, अथवा 9वीं उत्तीर्ण के साथ संबंधित कार्य का 1.5 वर्ष का अनुभव, अथवा 8वीं उत्तीर्ण के साथ संबंधित कार्य का 3 वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे।
इच्छुक पात्र हितग्राही सेवा सेतु केन्द्र/सीएससी सेंटर, जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर एवं सोनहत के श्रम संसाधन केन्द्र तथा श्रम पदाधिकारी कार्यालय बैकुण्ठपुर से आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों से अधिकाधिक संख्या में आवेदन कर इस रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।







