Breaking News

बलरामपुर जंगली हाथी के हमले में 53 वर्षीय ग्रामीण की मौत


छत्तीसगढ़ 30 September 2026
post

बलरामपुर जंगली हाथी के हमले में 53 वर्षीय ग्रामीण की मौत

बलरामपुर, 30 सितंबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र राजपुर में जंगली हाथी के हमले में 53 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 7:05 बजे बरियों उप परिक्षेत्र के ग्राम परसवारकला के बड़खापारा इलाके की है। मृतक की पहचान सुटरूंग कौशिक पिता गोहन्दुल कौशिक के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुटरूंग कौशिक किसी पारिवारिक बात को लेकर नाराज थे और शराब के नशे में अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकले थे। बेटी के घर पहुंचने से पहले महान नदी पार करते समय उनका सामना एक जंगली कबरा हाथी से हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी रेवतपुर की दिशा में आगे बढ़ते हुए जंगल की ओर चला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क करने में जुटे वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात होने के कारण अगले दिन आज बुधवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा और मर्ग की कार्रवाई पूरी की। चिकित्सकों ने मौके पर शव का परीक्षण किया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया।

वन विभाग के मुताबिक, मृतक की वैध उत्तराधिकारी पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की राशि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। इस तरह परिवार को कुल 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने का प्रावधान है।

वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी और उनके आवागमन की जानकारी गज संकेत ऐप तथा स्थानीय वाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से दी जा रही है। वनकर्मियों के साथ हाथी मित्र दल के सदस्य भी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय पगडंडी रास्तों से आवागमन से बचने, हाथियों की मौजूदगी के दौरान मौके पर भीड़ नहीं लगाने और उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER