कोरिया, 25 सितंबर 2026
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाने की कड़ी में श्रीमती ज्योत्सना श्रीवास्तव पति श्री शशिभूषण श्रीवास्तव की कहानी प्रेरणादायी है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किया गया है, जिससे परिवार को बिजली खर्च में बड़ी राहत मिली है।
श्रीमती ज्योत्सना श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पति श्री शशिभूषण श्रीवास्तव के नाम से सोलर रूफटॉप स्थापित है। उन्होंने बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से वित्तीय सहायता लेकर अप्रैल माह में इसे अपने घर की छत पर स्थापित कराया गया।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट क्षमता के लिए 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी/छूट का लाभ उन्हें प्राप्त हुआ है। श्रीमती श्रीवास्तव ने बताया कि सोलर रूफटॉप लगने से पहले उनके घर का बिजली बिल प्रति माह 5 हजार रुपये से अधिक आता था। अब सौर ऊर्जा का उपयोग शुरू होने के बाद उनके अनुसार बिजली बिल बहुत कम हो गया है, जिससे परिवार को प्रतिमाह होने वाले बिजली खर्च से राहत मिली है।
श्रीमती श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के साथ-साथ बिजली खर्च कम करने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने इस लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सामने आ रही ऐसी सेवा की कहानियां यह दर्शाती हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ परिवारों तक पहुंचने से उनके दैनिक जीवन में ठोस और सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ परिवारों को बिजली खर्च में राहत का लाभ मिल रहा है।







