Breaking News

यूएनजीए के 81वें सत्र से पहले गुटेरेस से मिलीं उर्सुला वॉन डेर लेयेन


विदेश 21 September 2026
post

यूएनजीए के 81वें सत्र से पहले गुटेरेस से मिलीं उर्सुला वॉन डेर लेयेन

संयुक्त राष्ट्र  संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से पहले यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ बैठक की। इस बैठक में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और ईयू की विदेश एवं सुरक्षा नीति की प्रमुख काजा कल्‍लास भी शाम‍िल रहीं। इस दौरान उन्होंने बहुपक्षीय सहयोग और नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि ईयू एक सुधारित और ज्यादा असरदार संयुक्त राष्ट्र का समर्थन करता रहेगा।

यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में ल‍िखा, संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) 81वें सत्र से पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। यूरोपीय संघ (ईयू) हमेशा बहुपक्षीय सहयोग और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का समर्थन करता रहेगा। इसके केंद्र में एक ऐसा संयुक्त राष्ट्र (यूएन) होना चाहिए, जिसमें समय की जरूरतों के हिसाब से सुधार किए गए हों।

इस बैठक में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और ईयू की विदेश एवं सुरक्षा नीति की प्रमुख काजा कल्‍लास भी शामिल रहीं। प्रेसिडेंट उर्सुला ने कहा क‍ि हमने महासचिव गुटेरेस को उनके कार्यकाल के दौरान हमारे साथ करीबी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। यूक्रेन से लेकर मध्य पूर्व और जलवायु से जुड़े मुद्दों तक, हमने मिलकर काम किया है। हमने यूएन-80 सुधारों को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका के लिए भी उन्हें धन्यवाद दिया।

उन्‍होंने कहा क‍ि लक्ष्य बिल्कुल साफ है, ऐसा संयुक्त राष्ट्र जो आज की दुनिया की जरूरतों के हिसाब से काम कर सके। जो ज्यादा असरदार हो। जो जरूरत पड़ने पर ज्यादा तेजी से कदम उठाए और जो दुनिया के देशों के बीच सहयोग को जमीनी स्तर पर ठोस समाधान में बदल सके।

संयुक्त राष्ट्र महासभा का हाई-लेवल वीक 22 से 29 सितंबर तक चलेगा। आम बहस 22 से 26 सितंबर और फिर 28 सितंबर को होगी। इस दौरान दुनिया के कई देशों के शीर्ष नेता और वरिष्ठ प्रतिनिधि वैश्विक शांति, सुरक्षा, आर्थिक चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन, महामारी से निपटने और परमाणु हथियारों जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

भारत की ओर से विदेश मंत्री (ईएएम) डॉ. एस. जयशंकर, न्यूयॉर्क (यूएसए) में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र के 'हाई लेवल वीक' में शामिल होंगे। वो भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER