Breaking News

बलरामपुर में मोटरसाइकिल पर लकड़ी ले जा रहे दो गिरफ्तार, वाहन भी जब्त


छत्तीसगढ़ 16 September 2026
post

बलरामपुर में मोटरसाइकिल पर लकड़ी ले जा रहे दो गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

बलरामपुर, 16 सितंबर । मोटरसाइकिल पर लकड़ी लोड कर ले जा रहे दो लोगों को मंगलवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भनौरा में पकड़ लिया। मामला तब सामने आया जब बलरामपुर वन परिक्षेत्र के सर्किल बलरामपुर अंतर्गत बीट बलरामपुर में जॉन डियर ट्रैक्टर शोरूम के पास वाहन क्रमांक सीजी 30 डी 1479 की जांच की गई। वाहन पर साल प्रजाति का चिरान लदा मिला, जिसके संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

मंगलवार को देर शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वाहन से साल प्रजाति के सात नग चिरान बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 0.141 घनमीटर है। टीम ने लकड़ी के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। मामले में मदन गुप्ता, पिता स्व. रामकेवल गुप्ता और आयुष गुप्ता, पिता मदन गुप्ता, दोनों निवासी बलरामपुर को गिरफ्तार किया गया।

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 और 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग की ओर से दोनों आरोपितों को न्यायालय रामानुजगंज के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कराया गया।

वन विभाग के अनुसार कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना, वनपाल प्रहलाद तिवारी सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही। पुलिस विभाग बलरामपुर की टीम ने भी संयुक्त कार्रवाई में सहयोग किया।

बलरामपुर वन परिक्षेत्र के रेंजर निखिल सक्सेना ने बताया कि, जब्त लकड़ी और वाहन को प्रकरण में शामिल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा मामले में लकड़ी के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER