Breaking News

एनआइए की कश्मीर में बड़ी कार्रवाई, सात ठिकानों पर तलाशी


देश 12 September 2026
post

एनआइए की कश्मीर में बड़ी कार्रवाई, सात ठिकानों पर तलाशी

श्रीनगर, 12 सितंबर  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने शनिवार को कश्मीर में सात अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई सीमा पार से जुड़ी कथित आतंकी साजिश की चल रही जांच के तहत की गई।

अधिकारियों के अनुसार, एनआइए की टीमों ने कुलगाम में दो, बांदीपोरा में तीन और सोपोर में दो स्थानों पर तलाशी ली। अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों ने एनआइए की टीमों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। जांच में पाकिस्तान स्थित कथित आतंकी हैंडलर्स और स्थानीय ओवर-ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) के नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इन लोगों पर कथित तौर पर सीमा पार से घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों को लॉजिस्टिकल और अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का शक है।

जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्थानीय स्तर पर आतंकियों को किस तरह की मदद उपलब्ध कराई गई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।

अधिकारी ने बताया कि यह मामला मूल रूप से श्रीनगर के जकूरा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 0024/2026 से शुरू हुआ था। बाद में एनआइए ने मामले को अपने स्तर पर फिर से दर्ज करते हुए इसे आरसी -02/2026/एनआईए/जम्मू के रूप में दर्ज किया। मामले में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 23, शस्त्र अधिनियम, 1959 की धाराओं 7 और 25 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 4 के तहत आरोप लगाए गए हैं।

फिलहाल, तलाशी अभियान के दौरान क्या-क्या सामान या दस्तावेज बरामद किए गए, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी और संभावित बरामदगी से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।-

You might also like!


RAIPUR WEATHER