Breaking News

मुजगहन में 15 दिनों से पेयजल संकट, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी


छत्तीसगढ़ 11 September 2026
post

मुजगहन में 15 दिनों से पेयजल संकट, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

धमतरी, 11 सितंबर। धमतरी शहर से लगे ग्राम पंचायत मुजगहन में पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। सड़क चौड़ीकरण के लिए नाली निर्माण के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शीघ्र पाइपलाइन सुधार कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार रत्नाबांधा चौक से ग्राम मुजगहन तक लगभग ढाई किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान आबादीपारा में पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग को सूचना देने और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिकायत करने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है।

ग्रामीण शेखर गोस्वामी, लोकेश साहू, मोमिन यादव, दुर्गेश ध्रुव, राजकुमार ध्रुव और किशुन साहू ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुए पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं नारायण साहू, रामप्रसाद साहू, लिखन साहू, चंदरबाई, ईश्वरी बाई और ग्राम पटेल भुवनलाल साहू ने बताया कि विधायक ओंकार साहू के माध्यम से लोक निर्माण विभाग में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पेयजल संकट को देखते हुए ग्राम पंचायत मुजगहन की ओर से छह टैंकरों के माध्यम से वार्ड क्रमांक एक और दो में पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद लगभग 200 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच होमेश्वर साहू ने बताया कि समस्या से शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं होने से ग्रामीणों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER