Breaking News

छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री होगी फिल्म 'हनुमान अंश' : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय


छत्तीसगढ़ 11 September 2026
post

छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री होगी फिल्म 'हनुमान अंश' : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म 'हनुमान अंश' को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। गुरुवार को देर रात राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखने के बाद उन्होंने यह घोषणा की। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरक उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने अपने सरल जीवन और सहज वचनों से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने में सक्षम हैं।

साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उल्लेखनीय है कि 'हनुमान अंश' फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER