नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा में बात करें 70 के दशक की तो उस समय पर एक फिल्म आई 'कटी पतंग' जिसका गाना 'ये जो मोहब्बत है' आज भी दर्द, रिश्तों और मोहब्बत पर अपनी अलग छाप छोड़ता है. इस गाने की खास बनाने में इसका संगीत, किशोर कुमार की आवाज ही नहीं, बल्कि इस गाने और फिल्म से जुड़ी चार हस्तियां हैं, जो आज हमारे बीच में नहीं हैं. इस गाने को किशोर कुमार ने अपनी आवाज से यादगार बनाया. इसका संगीत आर.डी. बर्मन ने तैयार किया था और इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे. इस गाने को राजेश खन्ना पर फिल्माया गया था. बता दें कि इन चारों ही दिग्गजों का निधन हो गया है. लेकिन आज भी ये गाना लोगों के बीच जिंदा है.
किशोर की आवाज में मोहब्बत से बचने की कहानी
फिल्म कटी पतंग का गाना 'ये जो मोहब्बत है' में प्यार को लेकर के एक ऐसे शख्स की कहानी बयां करती है, जो अपना दिल लगाने से डरता है. किशोर कुमार की कालजयी आवाज ने इस गाने को अमर बना दिया. बता दें कि फिल्म कटी पतंग के और भी कई गाने थे जो दर्शकों को बेहद पसंद आए थे जैसे 'ये शाम मस्तानी', 'प्यार दीवाना होता है', 'जिस गली में तेरा घर' और 'आज ना छोड़ेंगे' भी इस लिस्ट में शामिल हैं. 'ये जो मोहब्बत है' को 1972 के 19वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर के लिए नॉमिनेशन मिला था.
कटी पतंग फिल्म की कहानी
'कटी पतंग' एक संगीतमय ड्रामा बेस्ड फिल्म थी, जिसकी कहानी की बात करें तो इसमें राजेश खन्ना के साथ आशा पारेख लीड रोल में थीं. आशा पारेख ने फिल्म में माधवी का किरदार निभाया, जो एक विधवा के रूप में अपनी पहचान छिपाती है. फिल्म का निर्देशन शक्ति सामंत ने किया था. ये कहानी गुलशन नंदा के उपन्यास पर बेस्ड थी. फिल्म में प्रेम चोपड़ा, बिंदू और नजीर हुसैन ने भी अभिनय किया था. विकिपीडिया के मुताबिक आशा पारेख को इस फिल्म के लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला.
बॉक्स ऑफिस पर भी चली थी 'कटी पतंग'
सिनेमाघरों में फिल्म 1970 में रिलीज बुई थी. विकिपीडिया पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने करीब 4.70 करोड़ रुपए की कमाई की थी. और 1971 की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों में रही. फिल्म की सक्सेस के पीछे इसका संगीत भी था. फिल्म के सभी गाने हिट हुए थे. यही वजह है कि 56 साल बाद भी इसके गाने पुराने गाने पसंद करने वालों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं.







