Breaking News

जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने मार्क कोल्स


खेल 07 September 2026
post

जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने मार्क कोल्स

हरारे, 07 सितंबर। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोमवार को मार्क कोल्स को महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह नियुक्ति एक कठोर चयन प्रक्रिया के बाद की गई है। उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से कोल्स अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। यह दोनों देशों की महिला टीमों के बीच पहली अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला होगी।

न्यूजीलैंड के कोल्स इससे पहले पाकिस्तान और स्कॉटलैंड की महिला टीमों के मुख्य कोच रह चुके हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड की पुरुष टीम के साथ सहायक कोच के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा वह क्रिकेट पापुआ न्यू गिनी में उच्च प्रदर्शन प्रबंधक रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया में कोचिंग सलाहकार की भूमिका भी निभा चुके हैं।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तवेंगवा मुकुहलानी ने कहा, “मार्क कोल्स अंतरराष्ट्रीय कोचिंग और उच्च प्रदर्शन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव लेकर आए हैं। उन्हें महिला क्रिकेट की जरूरतों और चुनौतियों की भी अच्छी समझ है। हमें विश्वास है कि वरिष्ठ और अंडर-19 स्तर पर नियुक्त तकनीकी और सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर वह एक प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने और लंबे समय तक सफलता के लिए स्पष्ट मार्ग बनाने में मदद करेंगे।”

उन्होंने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि यह समूह जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से प्रतिस्पर्धा करने में मदद करेगा।”

कोल्स के साथ रंगारिराई मान्यांडे बल्लेबाजी सहायक कोच और ट्रेवर फिरी क्षेत्ररक्षण कोच की भूमिका निभाएंगे।

जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का पहला मुकाबला 11 सितंबर को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। श्रृंखला के सभी पांच मुकाबले इसी मैदान पर आयोजित होंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER