विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत रूस और यूक्रेन दोनों के लगातार संपर्क में है। भारत ऐसे सुझावों पर विचार कर रहा है, जिनसे युद्ध को कम करने या खत्म करने में मदद मिल सके। वारसॉ में पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि युद्ध का कोई विजेता नहीं होता। युद्ध से जान-माल का नुकसान होता है और दुनिया पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत और कूटनीति पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत संघर्ष को खत्म करने में हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। डॉ. जयशंकर ने पोलैंड के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा और खाद्य, ईंधन तथा उर्वरक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। इससे पहले उन्होंने यूक्रेन की यात्रा की और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की समेत शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।







