भारत ने ब्रसेल्स में रक्षा अताशे नियुक्त करने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। बेल्जियम ने इस वर्ष की शुरुआत में नई दिल्ली में रक्षा अताशे नियुक्त किया था।
विदेश मंत्रालय में सचिव-पश्चिम सिबी जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बाख्त द वेवर ने अगले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापार करीब 13 अरब डॉलर का है। श्री जॉर्ज ने कहा कि भारत-बेल्जियम संबंधों में व्यापार, प्रौद्योगिकी और कुशलता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के विश्वविद्यालयों और प्रमुख शिक्षण संस्थानों को भारत में अपने परिसर खोलने के लिए आमंत्रित किया है। साथ ही उन्होंने बेल्जियम को वेव्स के दूसरे चरण में भाग लेने का भी निमंत्रण दिया है। यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति पर दोनों देशों ने संवाद और कूटनीति के जरिए शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों का समर्थन भी दोहराया।







