प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसएलवी-एफ17 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि यह सफलता भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की उत्कृष्टता, नवाचार और बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी से देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ताकत और विस्तार मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने इसे इसरो की शानदार उपलब्धि और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ई.ओ.एस-05 वाले जी.एस.एल.वी-एफ 17 के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. सिंह ने कहा कि ई.ओ.एस-05 अत्याधुनिक पृथ्वी अवलोकन और भू-समकालिक कक्षा से प्रक्षेपित भारत का पहला इमेजिंग उपग्रह है। यह उपग्रह दृश्यमान, इन्फ्रारेड, मल्टी-स्पेक्ट्रल और हाइपर-स्पेक्ट्रल माध्यमों से तस्वीरें लेने में सक्षम है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की अंतरिक्ष क्षमताएं लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और इससे वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में भारत की स्थिति और मजबूत हो रही है।







