विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा है कि भारत में वर्तमान 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि दर से आगे बढ़ने की क्षमता है। श्री बंगा ने वैश्विक ऊर्जा दबाव, व्यापार अनिश्चितता और अल नीनो के प्रभाव के बावजूद देश के हालिया आर्थिक प्रदर्शन को मजबूत बताया।
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना के ऐशविले में जी20 वित्त मंत्रियों की बैठक के दौरान एक साक्षात्कार में, श्री बंगा ने कहा कि नवीनतम विकास आंकड़े भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाते हैं। विश्व बैंक के अध्यक्ष ने सेवाओं और निर्यात में वृद्धि के साथ-साथ निरंतर निवेश की ओर भी इशारा किया। श्री बंगा ने कहा कि भारत सड़कों, पुलों, हवाई अड्डों, बिजली, जल और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। विश्व बैंक प्रमुख ने बताया कि उन्होंने जी20 वित्त मंत्रियों की बैठक के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ पर्यटन और लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के अवसरों पर चर्चा की थी।







