भारत-मोरक्को
संयुक्त आयोग का 7वां सत्र आज
मोरक्को में आयोजित किया जाएगा। वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद
मोरक्को के उद्योग एवं व्यापार मंत्री के राज्य सचिव उमर हेजिरा के साथ सत्र की
सह-अध्यक्षता करेंगे।
श्री
प्रसादा दो दिवसीय दौरे पर मोरक्को पहुंच चुके हैं। संयुक्त आयोग की बैठक
द्विपक्षीय आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग के मौजूदा क्षेत्रों की समीक्षा करने और
पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक बनाने की दिशा में
कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी।
वाणिज्य
एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि चर्चा में व्यापार और बाजार पहुंच,
उर्वरक उत्पादन और आपूर्ति में सहयोग, निवेश,
औद्योगिक सहयोग, कृषि और खाद्य सुरक्षा,
फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल
परिवर्तन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स, शिक्षा
और कौशल सहित कई क्षेत्रों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान,
दोनों पक्षों द्वारा व्यापार को और अधिक विविधतापूर्ण बनाने और
बाजार पहुंच के अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।
भारत और मोरक्को द्वारा खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी उम्मीद है। यह समझौता ज्ञापन आयातित खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाएगा, खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं और विश्लेषणात्मक विधियों पर जानकारी साझा करने में सहयोग को बढ़ावा देगा और पारस्परिक हित के क्षेत्रों में विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाएगा।







