Breaking News

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने किए महाकाल दर्शन, भस्म आरती में हुईं शामिल


देश 20 August 2026
post

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने किए महाकाल दर्शन, भस्म आरती में हुईं शामिल

उज्जैन, 20 अगस्त  ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर ने गुरुवार मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने तड़के होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में भी भाग लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

भारत की स्टार निशानेबाज और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर आज तड़के उज्जैन के ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर पूरे धार्मिक भाव के साथ बाबा महाकाल का पूजन-अभिषेक किया। भस्म आरती के बाद मनु भाकर ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव के वाहन नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नंदी के कान में कही गई बात सीधे बाबा महाकाल तक पहुंचती है।

पारंपरिक सलवार-कुर्ती में मंदिर पहुंचीं मनु भाकर का महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा भव्य स्वागत व सत्कार किया गया। मंदिर प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें व्यवस्थित रूप से दर्शन कराने और पूजा-अर्चना संपन्न कराने में सहयोग प्रदान किया।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मनु भाकर ने मंदिर की व्यवस्थाओं और वहां के भक्तिमय माहौल की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि उनकी काफी समय से महाकाल दरबार में आने की इच्छा थी। भले ही उन्हें यहां अधिक समय बिताने का मौका नहीं मिला, लेकिन कम समय में ही यहां की भक्ति और सुव्यवस्थित व्यवस्था ने उनका मन खुश कर दिया।

उन्होंने महाकाल मंदिर के प्रबंधकों और कर्मचारियों के परिश्रम की सराहना करते हुए प्रार्थना की कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और देशवासी कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहें। मनु भाकर ने अपनी उज्जैन यात्रा को संभव बनाने के लिए सिंधिया मैम और सभी सहयोगियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER