Breaking News

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हाे रही बारिश , कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

post

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हाे रही बारिश , कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

 बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों में सोमवार सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने तथा उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र सशक्त होकर आगे अवदाब (डिप्रेशन) में बदल सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।सोमवार सुबह राजधानी रायपुर में हल्की से मध्यम वर्षा के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी। शहर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई जिसमें सर्वाधिक 9-9 सेंटीमीटर वर्षा भैसमा और लवन में रिकॉर्ड की गई। ओडगी में 8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा छाल और मनेन्द्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर तथा तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य श्रेणी में है और सामान्य से 9 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER