Breaking News

शिरोमणि अकाली दल धार्मिक सद्भाव के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार : सुखबीर बादल


देश 14 August 2026
post

शिरोमणि अकाली दल धार्मिक सद्भाव के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार : सुखबीर बादल

 शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज जोर देकर कहा कि वह कभी भी राष्ट्रविरोधी और पंजाब विरोधी ताकतों को राज्य में स्थिति को नियंत्रित करने और शांति भंग करने की कतई अनुमति नहीं देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बादल की सांसद पत्नी हरसिमरत कौर बादल को फोन करके हाल-चाल जाना। बादल ने इस कठिन दौर में उनसे संपर्क करने और इस दुखद घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए अमित शाह को धन्यवाद भी दिया।

महाराष्ट्र के नांदेड़ के गुरुद्वारे में हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पहली प्रतिकिया देते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि मेरे पिता सरदार प्रकाश सिंह बादल ने इन गलत ताकतों के खिलाफ कभी भी समझौता नही किया था। मुख्यमंत्री के रूप में सरदार बादल ने उस समय सक्रिय गलत तत्वों के बावजूद पंजाब में सभी धार्मिक समुदायों के बीच भाईचारक सांझ बनाए रखा। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना हमारे राज्य की नीति की आधार थी।

सरदार बादल ने कहा कि डेढ़ साल पहले भी अमृतसर में श्री दरबार साहिब परिसर में इस विचारधारा विरोधी ताकतों ने उन्हे निशाना बनाया था। अब एक बार फिर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़ी सबसे पवित्र जगह पर दोबारा मुझपर हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि वह कभी भी इस तरह के कृत्य से न तो डरते हैं और न ही वे इन तत्वों के सामने कभी भी झुकेंगें। सरदार बादल ने कहा कि हम धार्मिक सद्भाव और देश तथा पंजाब की प्रगति के लिए कोई भी बलिदान दे सकते हैं। यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का उनकी जमीन पर रक्षा करने के लिए शुक्राना अदा करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि भले ही शांति के दुश्मनों ने मुझे मारने की पूरी कोशिश की, लेकिन गुरु साहिब ने मेरी रक्षा की। मैं उनका पूरे दिल से आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि मैं इस कहावत में भरोसा करता हूं कि चाहे कोई कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन जिन्हें गुरु का आशीर्वाद प्राप्त है, उसका कोई बाल भी बांका नही कर सकता।

इस बीच, बठिंडा की सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल ने अकाली दल अध्यक्ष की सेहत के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी लेने के लिए फोन करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने घटना का तत्काल संज्ञान लेने और केंद्रीय जांच एजेंसियों को जांच में महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश देने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने इस कठिन दौर में उनसे संपर्क करने और इस दुखद घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद दिया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER