Breaking News

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: सिंधु-लक्ष्य के सामने चुनौती, सात्विक-चिराग को बाई


खेल 14 August 2026
post

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: सिंधु-लक्ष्य के सामने चुनौती, सात्विक-चिराग को बाई

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के 30वें संस्करण का आयोजन 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। 2009 के बाद पहली बार भारत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल—इन पांच वर्गों में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी विश्व खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगे।

17 अगस्त से शुरू होगा मुकाबला

17 अगस्त से शुरू हो रहे प्रतियोगिता के मुकाबले सुबह से शुरू होंगे और रविवार, 23 अगस्त को खिताबी मुकाबलों के साथ चैंपियनशिप का समापन होगा।

पुरुष एकल में आयुष शेट्टी के सामने बड़ी चुनौती

भारत के आयुष शेट्टी को पहले ही दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष का सामना मौजूदा चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के शी यू ची से होगा।

वहीं, 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन के खिलाफ करेंगे। शुरुआती मुकाबला जीतने पर अगले दौर में उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न से हो सकता है।

सिंधु के लिए शुरुआती दौर में आसान राह

महिला एकल में भारत की स्टार खिलाड़ी और पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी, जो विश्व रैंकिंग में 141वें स्थान पर हैं।

सिंधु को शुरुआती दौर में विश्व नंबर एक एन से यंग और मौजूदा चैंपियन अकाने यामागुची का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, ड्रॉ के अनुसार प्री-क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी यी से हो सकती है। क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की छठी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वारदानी संभावित प्रतिद्वंद्वी हो सकती हैं।

सात्विक-चिराग को पहले दौर में बाई

पुरुष युगल में भारत की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाई मिली है।

भारतीय जोड़ी का सामना अलेक्जेंडर डन/एडम प्रिंगल (स्कॉटलैंड) और चालोएमपोन चारोनकिटामोर्न/वोरापोल थोंगसा-ंगा (थाईलैंड) की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

सात्विक-चिराग के लिए पहली बड़ी चुनौती इंडोनेशिया की 12वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी रेमंड इंद्रा और निकोलस जोआक्विन के रूप में सामने आ सकती है।

घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच भारतीय खिलाड़ियों की नजरें इस बार विश्व चैंपियनशिप में मजबूत प्रदर्शन और पदक पर रहेंगी।

टूर्नामेंट कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार):

17 अगस्त, सोमवार: पहले दौर के मुकाबले — सुबह 9 बजे

18 अगस्त, मंगलवार: पहले/दूसरे दौर के मुकाबले — सुबह 9 बजे

19 अगस्त, बुधवार: दूसरे दौर के मुकाबले — सुबह 9 बजे

20 अगस्त, गुरुवार: प्री-क्वार्टर फाइनल — सुबह 10:30 बजे

21 अगस्त, शुक्रवार: क्वार्टर फाइनल — सुबह 10:30 बजे

22 अगस्त, शनिवार: सेमीफाइनल — सुबह 10:30 बजे

23 अगस्त, रविवार: फाइनल — दोपहर 1 बजे

You might also like!


RAIPUR WEATHER