Breaking News

हार्दिक पांड्या मेरे आदर्श हैं: एपीएल में दोइखो दास का शानदार प्रदर्शन


खेल 13 August 2026
post

हार्दिक पांड्या मेरे आदर्श हैं: एपीएल में दोइखो दास का शानदार प्रदर्शन

 पहली इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 के आधे पड़ाव पर पहुंचने के साथ डिब्रूगढ़ वारियर्स के तेज गेंदबाज दोइखो दास टूर्नामेंट के प्रमुख प्रदर्शनकर्ताओं में शामिल हो गए हैं। वारियर्स ने अब तक छह में से पांच मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर हैं।

चराईदेव सनराइजर्स के खिलाफ 33 रन देकर चार विकेट लेने वाले दास ने भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांण्ड्या को अपना आदर्श बताया है। पांड्या से प्रेरित दास बल्लेबाजों को परेशान करने के लिए तेज शॉर्ट-पिच गेंदों पर विशेष जोर दे रहे हैं।

दास ने कहा, “मैं शॉर्ट बॉल को अपनी मुख्य गेंद मानता हूं। इससे मुझे सफलता मिली है और पिच से मदद मिलने के कारण मैं अपनी इस ताकत पर भरोसा कर रहा हूं।”

एपीएल में अभी तक बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलने के बावजूद दास अपने ऑलराउंड कौशल को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर वह बल्ले से भी टीम के लिए योगदान देने को तैयार हैं।

छह मैचों में 13 विकेट और 7.80 की इकॉनमी रेट के साथ दास टूर्नामेंट की प्रमुख खोजों में शामिल हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासित गेंदबाजी को देते हुए कहा कि वह बल्लेबाज के बजाय अपनी गेंदबाजी की सही जगह और तय रणनीति पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

दास ने कहा, “अगर टीम नहीं जीतती तो व्यक्तिगत प्रदर्शन उतना मायने नहीं रखता। मैं अभी संतुष्ट नहीं हूं, क्योंकि मैं लगातार सुधार कर टीम को आगे बढ़ाने में मदद करना चाहता हूं।”

गुवाहाटी वारियर्स के खिलाफ हालिया हार के बाद वारियर्स शीर्ष स्थान से खिसककर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि दास को टीम की वापसी का भरोसा है। उन्होंने कहा, “हार खेल का हिस्सा है। हम अपनी गलतियों से सीखेंगे और आगामी मैचों में वापसी करेंगे।”

You might also like!


RAIPUR WEATHER