Breaking News

बांग्लादेश में 11 दलों के विपक्षी गठबंधन ने रिटायर्ड कर्नल ओली अहमद को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया


विदेश 13 August 2026
post

बांग्लादेश में 11 दलों के विपक्षी गठबंधन ने रिटायर्ड कर्नल ओली अहमद को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया

बांग्लादेश में विपक्षी जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 पार्टियों के गठबंधन ने 20 अगस्त को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद को उतारा है। वह जमात नेता एएचएम हामिदुर रहमान के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल के साथ निर्वाचन भवन पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन को नामांकन पत्र सौंपा।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, नामांकन पत्र में जमात अमीर डॉ. शफीकुर रहमान (सांसद) ने ओली अहमद को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया। एनसीपी सांसद अब्दुल्ला अल अमीन ने इसका समर्थन किया। ओली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के चेयरमैन हैं। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 20 अगस्त को होना है। मुख्य चुनाव आयुक्त को राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।

उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव अधिनियम, 1991 के तहत वोटिंग के लिए 20 अगस्त को जातीय संसद भवन के सेशन चैंबर में सांसदों की बैठक बुलाई है। नामांकन पत्रों की जांच 16 अगस्त को होगी। 18 अगस्त तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 20 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जातीय संसद के सेशन चैंबर में होगा। राष्ट्रपति चुनाव में कुल 349 सांसद मतदाता हैं। अभी एक संसदीय सीट चट्टोग्राम-4 निर्वाचन क्षेत्र, खाली है। यह 35 साल में पहला राष्ट्रपति चुनाव होगा जिसमें एक से ज्यादा उम्मीदवार होंगे। 1991 के बाद पहली बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होगा।

ग्रामीण विकास मंत्री मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर का नाम पहले ही मीडिया में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के संभावित राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर सामने आ चुका है। 24 जुलाई को मोहम्मद शहाबुद्दीन ने राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने कार्यवाहक राष्ट्रपति का पदभार संभाला। संविधान के अनुच्छेद 123(2) के अनुसार, इस्तीफे के कारण राष्ट्रपति का पद खाली होने के 90 दिनों के भीतर उस पद को भरने के लिए चुनाव कराना जरूरी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER