Breaking News

वीर पहाड़िया की नई फिल्म 'प्रेम कीटाणु' का ऐलान


मनोरंजन 12 August 2026
post

वीर पहाड़िया की नई फिल्म 'प्रेम कीटाणु' का ऐलान

बॉलीवुड निर्माता गौरव वर्मा ने अपने नए बैनर अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म 'प्रेम कीटाणु' की घोषणा कर दी है। फिल्म में अभिनेता वीर पहाड़िया मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस परियोजना को फार्स फिल्म्स के साथ सह-प्रस्तुत किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की कर रहे हैं, जो 'सिर्फ एक बंदा काफी है' और 'एस्पिरेंट्स' जैसी चर्चित कृतियों के लिए जाने जाते हैं।

फिल्म में वीर पहाड़िया के साथ अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी करते हुए बताया कि इसकी कहानी आज के युवाओं की महत्वाकांक्षाओं, रिश्तों और जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करेगी।

अक्षय कुमार अभिनीत 'स्काई फोर्स' से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाले वीर पहाड़िया की यह दूसरी बड़ी फिल्म होगी। 'प्रेम कीटाणु' 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' से होगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER