विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत अफ्रीका के साथ समावेशी, मांग-आधारित विकास सहयोग के लिए खड़ा है जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं का समर्थन करने के लिए स्थानीय क्षमता को बढ़ाता है।
कल नई दिल्ली में अफ्रीका दिवस के अवसर पर बोलते हुए, डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत को अफ्रीका के सबसे बड़े व्यापार और निवेश साझेदारों में से एक होने पर गर्व है और पिछले वर्ष दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 93 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। उन्होंने आगे कहा कि भारत अफ्रीका में शीर्ष निवेशकों में से एक के रूप में उभरा है, जिसका कुल निवेश 80 अरब डॉलर से अधिक है।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि अफ्रीका के प्रति भारत का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2018 में युगांडा की संसद को दिए गए अपने संबोधन में उल्लिखित दस सिद्धांतों द्वारा निर्देशित है। उन्होंने आगे कहा कि ये सिद्धांत मांग-आधारित विकास साझेदारी, व्यापार और निवेश के लिए खुले बाजारों और अफ्रीका के विकास के लिए डिजिटल क्रांति के माध्यम से जुड़ाव के साथ अफ्रीका को भारत की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हैं।
विदेश मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक दक्षिण और अफ्रीकी महाद्वीप के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता जी20 की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने में परिलक्षित होती है।







