Breaking News

आईपीएल ने भारत में खेलों को देखने का नजरिया बदला : नेस वाडिया


खेल 29 July 2026
post

आईपीएल ने भारत में खेलों को देखने का नजरिया बदला : नेस वाडिया

मुंबई, 29 जुलाई। पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने भारत में खेलों को देखने का नजरिया पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल ने न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं, बल्कि निवेश, खेल उद्योग और खेल ब्रांडों को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

हूलिहान लोकी की वर्ष 2026 की आईपीएल वैल्यूएशन स्टडी में शामिल वाडिया ने कहा कि जब उन्होंने 2008 में पंजाब किंग्स (तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब) में निवेश किया था, तब उन्हें विश्वास था कि भारतीय खेल एक नए दौर में प्रवेश करने वाला है। उन्होंने कहा कि शुरुआती सात वर्षों तक फ्रेंचाइजी को लाभ नहीं हुआ, लेकिन उनका भरोसा कभी नहीं डिगा।

रिपोर्ट के अनुसार, 2026 सीजन के बाद आईपीएल का व्यावसायिक मूल्य बढ़कर 20.6 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 11.4 प्रतिशत अधिक है। लीग का ब्रांड मूल्य 4.3 अरब अमेरिकी डॉलर पहुंच गया है, जिसमें 10.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पंजाब किंग्स के निवेश का मूल्य भी बढ़कर लगभग 1,510 करोड़ रुपये (158 मिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गया है।

वाडिया ने कहा कि आईपीएल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और आगामी मीडिया अधिकारों के चक्र में भी इसकी कीमत और अधिक बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि लीग अभी अपनी सर्वोच्च सीमा तक नहीं पहुंची है और इसके सबसे बेहतरीन वर्ष अभी आने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएल की सबसे बड़ी ताकत इसकी सीमित फ्रेंचाइजी हैं। केवल 10 टीमें होने के कारण इसकी मांग लगातार बनी हुई है। यही वजह है कि वैश्विक निवेशक भी अब आईपीएल फ्रेंचाइजी में रुचि दिखा रहे हैं।

पंजाब किंग्स की बढ़ती लोकप्रियता पर वाडिया ने कहा कि दुनिया भर में बसे पंजाबी समुदाय का अपनी जड़ों से गहरा जुड़ाव फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए प्रशंसकों द्वारा दिए गए 'सरपंच साब' उपनाम का उदाहरण देते हुए कहा कि यह टीम और समर्थकों के बीच मजबूत भावनात्मक संबंध को दर्शाता है।

मर्चेंडाइजिंग को लेकर उन्होंने कहा कि यह आईपीएल के सबसे बड़े अनछुए अवसरों में से एक है। अब केवल जर्सी बेचने का दौर नहीं रहा, बल्कि प्रशंसकों के साथ सालभर जुड़ाव बनाए रखना भविष्य की रणनीति है। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) पर वाडिया ने कहा कि महिला क्रिकेट की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है और यदि भविष्य में सही अवसर मिला तो उनकी कंपनी उसमें भी निवेश करने पर विचार करेगी।

उन्होंने कहा कि आईपीएल की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल आर्थिक सफलता नहीं, बल्कि लोगों का अपनी टीमों के साथ भावनात्मक जुड़ाव है। आज परिवार अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाकर आईपीएल मैच देखते हैं और दुनिया के नए-नए देशों में भी क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ रही है।

वाडिया ने कहा, "आईपीएल ने भारत में खेलों को देखने का नजरिया बदल दिया है। इसने खिलाड़ियों के करियर बनाए, निवेश को बढ़ावा दिया, नई खेल लीगों को प्रेरित किया और ऐसे खेल ब्रांड तैयार किए जिनसे करोड़ों लोग भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।"

You might also like!


RAIPUR WEATHER