Breaking News

नेपाल : सुनसरी घटना के विरोध में दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन, राजमार्ग बाधित, कई इलाकों में कर्फ्यू बरकरार


विदेश 28 July 2026
post

नेपाल : सुनसरी घटना के विरोध में दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन, राजमार्ग बाधित, कई इलाकों में कर्फ्यू बरकरार

काठमांडू, 28 जुलाई। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई घटना के विरोध में उतरे समूह ने मंगलवार को भी पूर्व-पश्चिम राजमार्ग को बाधित रखा। प्रदर्शनकारियों ने सुनसरी खंड में विभिन्न स्थानों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विराटनगर में भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बाजार क्षेत्र में इकट्ठा हुए युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के प्रवक्ता डीएसपी चंद्रबहादुर खड़का के अनुसार राजमार्ग के पकली से लेकर कोशी बैराज क्षेत्र में जगह-जगह सड़क बाधित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रमुख चौराहों पर लोग जमा होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने इटहरी से पश्चिम जाने वाले वाहनों को रोक दिया है। हालांकि, देवानगंज में अब स्थिति सामान्य हो रही है।

कप्तानगंज में रविवार को दो समूहों के बीच हुई झड़प को नियंत्रित करने के लिए की गई पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि २१ लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद स्थिति को काबू में करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने दक्षिणी क्षेत्र के पांच स्थानों पर कर्फ्यू लगाया था। इसके बावजूद कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए सोमवार को दिनभर प्रदर्शन जारी रहा। मंगलवार को भी कर्फ्यू लागू है।

प्रमुख जिला अधिकारी ईश्वरीप्रसाद अर्याल के अनुसार मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक देवानगंज गांवपालिका और हरिनगर गांवपालिका के संपूर्ण क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है। हरिनगरा, भुटाहा, कप्तानगंज, घुस्की और देवानगंज बाजार क्षेत्र में कर्फ्यू जारी है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि कर्फ्यू लागू वाले क्षेत्रों में शांति-सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली कोई भी सभा, जुलूस, प्रदर्शन या अन्य गतिविधियों को न करें।

You might also like!


RAIPUR WEATHER