Breaking News

छात्र सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर बिलासपुर पुलिस सख्त, स्कूल-कॉलेज प्रबंधन को दिए अहम निर्देश

post

छात्र सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर बिलासपुर पुलिस सख्त, स्कूल-कॉलेज प्रबंधन को दिए अहम निर्देश

बिलासपुर, 17 जुलाई । बिलासपुर पुलिस ने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर छात्र सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और शिक्षण संस्थानों को नशामुक्त बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

शुक्रवार को शहर के चेतना भवन में आयोजित इस बैठक में शिक्षा विभाग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने कहा कि, विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि, किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने संस्था प्रमुखों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि, छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा सड़क पार करते समय ज़ेबरा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने के लिए लगातार प्रेरित किया जाए। साथ ही वाहन चलाते या पैदल चलते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का उपयोग नहीं करने की सलाह भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों से परिसर और उसके आसपास नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। विद्यार्थियों के बीच समय-समय पर सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति विषय पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया, ताकि उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो सके।

बैठक में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के जिला संगठक शितेष जैन, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के प्राचार्य, कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षण संस्थानों ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर छात्र सुरक्षा और सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने का भरोसा दिलाया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER