Breaking News

आमिर खान का खुलासा, सोनम वांगचुक पर नहीं बनीं 3 इडियट्स, चतुर के बयान को कहा गलत


मनोरंजन 17 July 2026
post

आमिर खान का खुलासा, सोनम वांगचुक पर नहीं बनीं 3 इडियट्स, चतुर के बयान को कहा गलत

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर आमिर खान ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा- 3 इडियट्स कै कैरेक्टर उन पर नहीं था

नई दिल्ली:

आमिर खान ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की चल रही भूख हड़ताल पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. दरअसल, पिछले दिनों '3 इडियट्स' में एक्टर के साथ काम करने वाले 'चतुर' यानी एक्टर ओमी वैद्य ने सार्वजनिक रूप से वांगचुक का सपोर्ट किया था. इसके बाद कई बॉलीवुड सेलेब्स उनके लिए आवाज उठाते हुए नजर आए, जिसमे सोनाक्षी सिन्हा का भी नाम शामिल हो गया है. वहीं अब आमिर खान ने हाल ही में एक कार्यक्रम में इस मुद्दे पर बात करते हुए साफ किया कि 3 इडियट्स फिल्म का लीड रोल फुंसुख वांगडू, सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि जब फिल्म बन रही थी तो न तो उन्हें, न ही डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और न ही राइटर अभिजात जोशी को वांगचुक के बारे में जानकारी थी. 

आमिर खान ने कहा- असल में यह सच नहीं है

आमिर खान ने ब्रिटिश फिल्म इस्टिट्यूट के एक इवेंट के दौरान कहा, “नहीं, असल में यह सच नहीं है. यह एक गलतफहमी है. जब हम फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था. मुझे पता है मैंने हाल ही में चतुर का एक वीडियो देखा, जिसमें उसने ऐसा कहा था. नहीं, वह गलत है. हो सकता है चतुर ऐसा सोच रहा हो, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू, न ही अभिजात (दो लेखकों में से एक) और न ही मुझे सोनम के बारे में पता था. हालांकि, मिस्टर सोनम जो काम कर रहे हैं, वह वैसे भी बहुत अच्छा है. उनकी और उनके काम की इज्जत करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वे '3 इडियट्स' के किरदार पर आधारित हों.” 


सोनम वांगचुक के बारे में कही ये बात

आमिर खान ने यह बताया कि सोनम वांगचुक ने खुद साफ किया था कि वह किरदार उन पर आधारित नहीं था. उन्होंने आगे कहा, “मैं बस असल बात साफ करना चाहता था.” आगे सोनम वांगचुक की हंगर स्ट्राइक पर आमिर खान ने कहा, “हम सभी उसकी सेहत और जिंदगी को लेकर बहुत चिंतित हैं और हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक-ठाक खत्म होगा. हम सब यही उम्मीद कर रहे हैं कि वह अपना उपवास खत्म करे और अपनी सेहत का ध्यान रखें.” इस इवेंट का वीडियो खूब वायरल हो रहा है और फैंस इसे निराशाजनक बताते हुए नजर आ रहे हैं. 

चतुर ओमी वैद्य ने क्या कहा 

वीडियो में ओमी वैद्य कहते हैं, “मेरे पास आप सभी के लिए एक बहुत जरूरी मैसेज है. मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगड़ू मर जाएं. सोनम एक शिक्षक, इनोवेटर और शिक्षा सुधारक हैं. मुझे उनसे मिलने का मौका मिला. वे ईमानदार और इंस्पिरेशनल शख्स हैं. उन्होंने अपनी जिंदगी में कई शानदार काम किए हैं. अभी वह लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं. उनका ब्लड शुगर काफी लो हो चुका है, मुझे नहीं पता कि मीडिया इस बारे में कितना दिखा रहा है. ये बेहद गंभीर मामला है. उनकी शिक्षा व्यवस्था, लद्दाख और पर्यावरण से जुड़े कई मुद्दों को लेकर चिंताएं हैं. आप उनकी हम बात से सहमत हों या नहीं लेकिन मैं नहीं चाहता कि इस प्रेरणादायक इंसान की मौत हो जाए. हम अपनी व्यस्त जिंदगी में फंसे रहते हैं, लेकिन कुछ मिनट निकालकर इन मुद्दों को समझें. ये मुद्दे आपके, आपके परिवार या समाज से भी जुड़े हो सकते हैं. सोशल मीडिया पर इसे शेयर करें, आवाज उठाएं और जरूरत पड़े तो अपने जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं.”

3 इडियट्स के बारे में

जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि 2009 में आई कॉमेडी ड्रामा फिल्म 3 इडियट्स, जिसे राजकुमार हिरानी ने लिखा, एडिट और डायरेक्ट किया था. इसमें आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी नजर आए थे. फिल्म की कहानी इंजीनियरिंग कॉलेज की थी, जो भारतीय शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत अंतर्निहित पितृसत्तात्मकता को दिखाती है. 



You might also like!


RAIPUR WEATHER