नई दिल्ली, 16 जुलाई ।महाराष्ट्र के कोल्हापुर की 10 मीटर एयर राइफल निशानेबाज सोनम उत्तम मस्कर अब 2026 एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे उनके पिता के बड़े त्याग और परिवार के संघर्ष की कहानी छिपी है।
23 वर्षीय सोनम सितंबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाजी टीम का हिस्सा होंगी। शूटिंग प्रतियोगिताएं 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होंगी।
सोनम ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद उनका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इसी दौरान उन्हें पेशेवर शूटिंग उपकरण की जरूरत थी, लेकिन उसकी कीमत परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी। तब उनके पिता उत्तम मारुति मस्कर ने अपनी बेटी का सपना पूरा करने के लिए अपनी एक संपत्ति बेच दी।
सोनम ने कहा,"एक समय ऐसा था जब हमारा परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा था, खासकर लॉकडाउन के दौरान। जब यह साफ हो गया कि आगे बढ़ने के लिए मुझे अपना शूटिंग उपकरण चाहिए, तब मेरे पिता ने एक संपत्ति बेच दी ताकि हम वह खरीद सकें। यह हमारे परिवार के लिए बहुत बड़ा फैसला था, लेकिन उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया।"
सोनम ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि शूटिंग को पेशे के रूप में अपनाएंगी। वर्ष 2018 में मुंबई के टोलानी कॉलेज ऑफ कॉमर्स में पढ़ाई के दौरान उन्होंने पहली बार शूटिंग की।
उन्होंने कहा,"मुझे हमेशा खेलों में रुचि रही है। मैं शतरंज भी खेलती थी। मैंने कुछ नया करने की सोची और शौक के तौर पर शूटिंग शुरू की। धीरे-धीरे मुझे महसूस हुआ कि मैं इसी में अपना करियर बनाना चाहती हूं।"
कोविड महामारी के कारण शुरुआती सफर प्रभावित हुआ, लेकिन वर्ष 2021 से उन्होंने कोल्हापुर शूटिंग रेंज में गंभीरता से अभ्यास शुरू किया।
सोनम ने अपने करियर की सबसे खास उपलब्धि 2024 आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में नई दिल्ली में जीता गया रजत पदक बताया।
उन्होंने कहा,"दिल्ली में घरेलू दर्शकों के सामने विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीतना मेरे करियर के सबसे यादगार पलों में से एक है। वह अनुभव हमेशा मेरे साथ रहेगा।"
काहिरा विश्व कप सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिला।
सोनम इस समय विदेशी कोच फार्निक थॉमस और भारतीय कोचों की देखरेख में एशियाई खेलों की तैयारी कर रही हैं।
उन्होंने कहा,"एशियाई खेलों की तैयारी अच्छी चल रही है। मैं अपने विदेशी कोच फार्निक थॉमस और भारतीय कोचों के साथ लगातार अभ्यास कर रही हूं। हमारा पूरा ध्यान प्रतियोगिता के लिए खुद को सर्वश्रेष्ठ तरीके से तैयार करने पर है।"
सोनम ने अपने परिवार और सहयोग करने वाले सभी संस्थानों का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा,"मैं उन सभी लोगों की बेहद आभारी हूं जिन्होंने मेरी इस यात्रा में मेरा साथ दिया। मेरे परिवार ने हर कदम पर मेरा समर्थन किया। इसके अलावा ओजीक्यू, राष्ट्रीय राइफल संघ, भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, भारतीय रेलवे और मेरी पूरी सपोर्ट स्टाफ टीम का भी धन्यवाद, जिन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया और बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की।"
Breaking News
- कुप्प. सी. सुदर्शन जयंती: भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के प्रेरणास्रोत
- श्री जगन्नाथ रथ यात्रा: समानता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक
- बिलासपुर में हर हफ्ते हत्या, जशपुर सबसे हिंसक जिला; विधानसभा में चौंकाने वाले आंकड़े
- भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री
- मानसून में इन फूड्स से रहें दूर, नहीं तो पड़ सकते हैं बीमार
- बॉक्स ऑफिस पर 'धमाल 4' का जलवा जारी
- पिता के त्याग ने मेरे सपनों को दी उड़ान : सोनम उत्तम मस्कर
- अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हराया और विश्व कप फाइनल में जगह पक्की की।
- घरेलू बाजारों में समापन से पहले मामूली बढ़त दर्ज की गई।
- केंद्र ने डीजल, एटीएफ निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ाया, पेट्रोल पर शुल्क घटाया
पिता के त्याग ने मेरे सपनों को दी उड़ान : सोनम उत्तम मस्कर







