अमरीका ने ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले शुरू किए हैं। अमरीका की केंद्रीय कमान ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले नागरिक नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की क्षमता को और कमजोर करना है। अमरीकी केंद्रीय कमान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये हमले राष्ट्रपति के निर्देश पर ईरानी सेना के जहाजों पर हमले के जवाब में किए गए हैं। खाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही तनाव व्याप्त था, और इन ताजा हमलों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
ईरान के प्रेस टीवी के अनुसार, अमरीका के इन हमलों के बाद दक्षिण ईरान के शहरों जास्क, बंदर अब्बास और सिरिक में तीन विस्फोटों की आवाज सुनी गई।
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान के नियंत्रण के दावों को खारिज करते हुए कहा कि जलडमरूमध्य वाणिज्यिक यातायात के लिए खुला है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान के साथ हालिया राजनयिक प्रयासों के पूरी तरह विफल होने पर कहा कि वाणिज्यिक जहाज पर ईरानी सैन्य हमले के कारण अस्थायी शांति समझौता टूट गया है। उन्होंने कहा कि अमरीका ने ईरान की इस नई आक्रामकता का जवाब महत्वपूर्ण सैन्य बल से दिया है।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतरश ने ईरान और अमरीका के बीच फिर शुरू हुए सैन्य टकरावों पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि संघर्ष की वापसी से क्षेत्र के लोगों, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था पर विनाशकारी प्रभाव पड़ेंगे। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने अमरीका और ईरान दोनों से वार्ता फिर से शुरू करने और कूटनीति के माध्यम से आपसी मुद्दों को हल करने का आग्रह किया है।





.jpg)

